पालकी रथ यात्रा रहेगी आकर्षण का केंद्र।
सोलन (रामशहर) 10जून
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
सोलन जिले के राम शहर
तहसील के निकटवर्ती गांव कोट बाड़ा देव में भी 15 जून को एक दिवसीय विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा।
यहां स्थित मंदिर सैकड़ों वर्ष पुराना बताया जा रहा जा रहा है और इस का इतिहास भी बाड़ा देव मंदिर से जुड़ा हुआ माना जाता है।

याद रहे कि बड़ादेव का मूल स्थान बाड़ी धार में सार्यंज पंचायत में माना जाता है जहां हिमाचल के अलावा पंजाब हरियाणा दिल्ली और अन्य राज्यों के लोगों की भी आस्था जुड़ी हुई है और हर वर्ष 14/15 जून को ऐतिहासिक मेला लगता है।
इसी तरह रामशहर के इस गांव में भी ग्रामीणों के अनुसार महाभारत काल में अज्ञातवास के दौरान पांचों पांडवों ने कुछ समय के लिए इस स्थान पर ठहराव किया था।

इसी मान्यता के चलते यहां प्रतिवर्ष बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मेले का आयोजन किया जाता है।
मेले का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने पहलवानों की कुश्ती प्रतियोगिता होगी, जिसमें क्षेत्र के बाल पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा मेला कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के लिए विशेष भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
उधर मटूली बाड़ा देव मंदिर परिसर में 14 और 15 जून को आयोजित होने वाले मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मंदिर कमेटी के मुख्य पुजारी बाबा राम कर्ण ने बताया कि 14 जून को बड़ा देव मंदिर परिसर में शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक पालकी रथ का श्रृंगार एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 15 जून को प्रातः 8 बजे मटूली मंदिर परिसर से पालकी रथ यात्रा रवाना होगी। यात्रा रामशहर स्थित बडू काली माता मंदिर में कुछ समय विश्राम एवं झंडा अर्पण करने के बाद कोट गांव के लिए प्रस्थान करेगी।
बाबा राम कर्ण ने कहा कि यह समस्त आयोजन देवता के आदेशानुसार संपन्न किया जाता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पालकी रथ यात्रा एवं मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।









