/नेर नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले।

नेर नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले।

अधिकारियों ने युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश।

रामशहर, 11 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

सोलन जिले के रामशहर तहसील के निकटवर्ती गांव नेर में नाइट प्रीमियर लीग के तत्वावधान में आयोजित नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता के छठे दिन रोमांचक मुकाबलों के साथ खेल भावना और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी देखने को मिला।

प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में तहसीलदार अभिषेक सिंह ठाकुर एवं नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह ठाकुर ने शिरकत की।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में रामशहर-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 117 रन बनाए। टीम की ओर से अजय ने 45 तथा इंदु ने 46 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी धर्माना की टीम 104 रन ही बना सकी। धर्माना की ओर से नवीन ने 40 और सुनील ने 34 रन बनाए। अंतिम ओवर तक चले इस रोमांचक मुकाबले में रामशहर-ए ने जीत दर्ज की।

दूसरे मैच में गडोन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 112 रन बनाए, जिसमें कपिल ने 46 रनों की शानदार पारी खेली। जवाब में रामशहर-बी की टीम मात्र 50 रन पर सिमट गई और गडोन ने एकतरफा जीत हासिल की।

तीसरे मुकाबले में पहाड़ी चिकनी और निस्सल की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। पहाड़ी चिकनी द्वारा दिए गए लक्ष्य के जवाब में निस्सल की टीम 79 रन ही बना सकी। निस्सल की ओर से संजू ने 58 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इस मुकाबले में पहाड़ी चिकनी विजेता रही।

चौथे मैच में गोयला ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 115 रन बनाए। टीम की ओर से सोनू ने 41 और लकी ने 32 रनों का योगदान दिया। जवाब में बाबा-11 की टीम मात्र 52 रन पर ढेर हो गई। इस प्रकार गोयला ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले जारी रहेंगे।

मुख्य अतिथियों ने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं तथा खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे एवं मादक पदार्थों जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान भी किया।