/संजौली प्रकरण में एक और आरोपी गिरफ्तार।

संजौली प्रकरण में एक और आरोपी गिरफ्तार।

कुल गिरफ्तारियां सात पहुंचीं

शिमला, 11 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

पुलिस थाना संजौली में विशेष समुदाय के साथ दर्ज बहुचर्चित मारपीट एवं सार्वजनिक उत्पीड़न मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

इसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।

पुलिस के अनुसार, अभियोग संख्या 39/2026, दिनांक 6 जून 2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस थाना संजौली में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता अजीम मिर्जा ने आरोप लगाया था कि कुछ व्यक्तियों ने उनकी दुकान में घुसकर उनके साथ मारपीट की, सीसीटीवी कैमरे की तारें तोड़ीं तथा बाद में उन्हें और उनके सहकर्मी आफताब को दुकान से बाहर ले जाकर मारपीट करते हुए सार्वजनिक रूप से जुलूस निकाला।

मामले में पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी मदन ठाकुर और विजय शर्मा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद जांच के दौरान चार अन्य आरोपियों—श्वेता चौहान, कल्पना शर्मा, गौरव कुमार और गगन शर्मा—को भी गिरफ्तार किया गया।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने अब एक अन्य आरोपी विक्रांत (36) पुत्र पृथ्वी सिंह, निवासी गांव हिवण, डाकघर रियोग, तहसील एवं थाना सुन्नी, जिला शिमला को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी को 10 जून 2026 को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहनता से जांच जारी है तथा अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।