/रामशहर में वरुण इन्द्र देवता को प्रसन्न करने हेतु दलिया भंडारे का आयोजन

रामशहर में वरुण इन्द्र देवता को प्रसन्न करने हेतु दलिया भंडारे का आयोजन

नालागढ़ (रामशहर) 13 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

सोलन जिले के रामशहर नगर के प्राचीन कुएं के समीप शनिवार को वरुण इन्द्र देवता को प्रसन्न करने तथा क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं अच्छी वर्षा की कामना के साथ दलिया भंडारे का आयोजन किया गया।

इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

दलिया भंडारा कमेटी के मुख्य आयोजकों में राजेंद्र कुमार शर्मा, रमन कुमार बस्सी, चेतन शर्मा, नरेश वर्मा, अशोक वर्मा, हीरा लाल, शुभी, विजय वर्मा, हैप्पी वर्मा, रक्षित वर्मा, गोलू तथा कुलभूषण सहित अनेक सदस्यों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, रमन बस्सी और नरेश वर्मा ने बताया कि भंडारे के लिए लगभग 50 किलोग्राम दलिया तैयार किया गया, जिसमें दूध, चीनी, काजू, बादाम, दाख और गरी आदि सामग्री का उपयोग किया गया। यह प्रसाद सैकड़ों राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय लोगों में वितरित किया गया।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य वरुण देवता को प्रसन्न करना तथा किसानों, बागवानों और क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करना है।

आयोजकों के अनुसार यह भंडारा प्रत्येक वर्ष जून माह में प्राचीन कुएं स्थित ख्वाजा महाराज के समीप आयोजित किया जाता है। क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था है कि जब भी यहां श्रद्धापूर्वक दलिया भंडारे का आयोजन किया जाता है, तो वर्षा ऋतु का आगमन होता है और अच्छी बारिश अवश्य होती है।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।