/बढ़ते पर्यटक सीजन के बीच शिमला पुलिस ने संभाला मोर्चा।

बढ़ते पर्यटक सीजन के बीच शिमला पुलिस ने संभाला मोर्चा।

एक ही दिन में 23 हजार वाहनों की आवाजाही

​शिमला, 12 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में इन दिनों पर्यटक सीजन के चलते वाहनों का भारी दबाव देखा जा रहा है। इसके बावजूद जिला शिमला पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था का प्रभावी और सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

​शुक्रवार को जिला पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, केवल आज शाम तक ही शोघी की तरफ से जिले में करीब 23,000 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। खास बात यह है कि इनमें लगभग 12,000 वाहन अन्य राज्यों के हैं, जो शिमला में पर्यटकों की भारी आमद को साफ तौर पर दर्शाते हैं।


​आज दिनभर जिले के विभिन्न हिस्सों में वाहनों के खराब होने (ब्रेकडाउन) और अन्य बाधाओं की खबरें आईं, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से इनका त्वरित निस्तारण किया गया।

​शोघी बैरियर क्षेत्र में दो सड़क दुर्घटनाएं हुईं और दो भारी वाहन बीच सड़क पर खराब हो गए, जिससे लंबा जाम लगने की पूरी संभावना थी।

​शिमला शहर के भीतर भी तीन अलग-अलग स्थानों पर बस और पिकअप खराब होने की घटनाएं सामने आईं।

​इन सभी संवेदनशील मौकों पर जिला शिमला पुलिस के यातायात कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला।

मौके पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को हटाया गया और यातायात को सुचारू बनाए रखा, जिसके चलते किसी भी स्थान पर लंबे समय तक चक्का जाम नहीं होने पाया।


​यातायात पुलिस की सक्रिय तैनाती, त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी समन्वय का ही नतीजा रहा कि शुक्रवार को शिमला शहर में कहीं भी कोई बड़ा ट्रैफिक जाम रिपोर्ट नहीं हुआ। इसके चलते यहाँ आने वाले पर्यटकों और स्थानीय जनता को न्यूनतम असुविधा का सामना करना पड़ा।