परवाणू, 13 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) सोलन ने गुप्त सूचना के आधार पर चक्की मोड़ के समीप स्थित एक होटल में छापेमारी कर अवैध जुआ खेलते हुए 10 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक महिला और नौ पुरुष शामिल हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सूचना मिली थी कि होटल के एक कमरे में कुछ लोग गैम्बलिंग चिप्स एवं नकद राशि के माध्यम से ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कमरे में मौजूद 10 व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से ताश के पत्ते, गैम्बलिंग चिप्स/कॉइन्स तथा कुल 78,078 रुपये की नकदी बरामद की गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, महाराष्ट्र और दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों के निवासियों के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना परवाणू में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत पाबंद किया है। साथ ही उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








