शिमला, 13 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में विकास का नया अध्याय लिखा गया है और प्रदेश की तस्वीर तथा तकदीर बदलने का कार्य हुआ है।
ग्राम पंचायत शोघी में भाजपा हिमाचल प्रदेश के “12 विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि 12 वर्ष पहले किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि हिमाचल प्रदेश में इतने बड़े पुलों, सुरंगों और विश्वस्तरीय सड़कों का निर्माण होगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में लगभग 668 किलोमीटर फोरलेन सड़कों पर कार्य चल रहा है तथा करीब 48 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं विभिन्न चरणों में हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के सभी जिलों को आधुनिक हाईवे और फोरलेन सड़कों से जोड़ा जाएगा, जिससे विकास को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। नड्डा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि काम करने वाली और केवल घोषणाएं करने वाली सरकारों के बीच अंतर को पहचानना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, रेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं में जो परिवर्तन दिखाई दे रहे हैं, वे मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट नीयत का परिणाम हैं। हिमाचल प्रदेश आने वाले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

इससे पूर्व नड्डा ने Tara Mata Temple में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे वन विहार, ग्राम पंचायत शोघी पहुंचे, जहां पर्यावरण संरक्षण और हरित हिमाचल के संकल्प के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान 10 पौधे लगाए गए, जिनमें नड्डा ने स्वयं चिनार का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना मानवता और प्रकृति के प्रति सबसे बड़ा योगदान है। वृक्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करते हैं।
नड्डा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना होगा तथा प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







