बद्दी, 17 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के खेड़ा बस स्टैंड के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में नाइट ड्यूटी से घर लौट रहे लगधाघाट क्षेत्र के निवासी युवक की मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक लगधाघाट क्षेत्र निवाशी 43 वर्षीय राजू नामक युवक अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर खेड़ा के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार राजू (निवासी घलेरी, नालागढ़) की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के निर्देश पर बद्दी पुलिस की सीसीटीवी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध ट्रक का पीछा किया। नालागढ़ ट्रक यूनियन के बाहर नाकाबंदी कर कंटेनर ट्रक नंबर HP12Q-4502 को रोक लिया गया।
पुलिस ने आरोपी चालक लच्छो राम (49), निवासी जिला चम्बा, को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस थाना मानपुरा में केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रवासियों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।






