/बावा हरदीप सिंह ने रामशहर क्षेत्र की पंचायतों का दौरा कर सुनीं जनसमस्याएं।

बावा हरदीप सिंह ने रामशहर क्षेत्र की पंचायतों का दौरा कर सुनीं जनसमस्याएं।

विकास कार्यों की घोषणाएं।

नालागढ़, 17 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक बावा हरदीप सिंह ने बुधवार को रामशहर पहाड़ी क्षेत्र की करीब आधा दर्जन पंचायतों का तूफानी दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों में विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

विधायक ने ग्राम पंचायत बहेड़ी के गांव बलैहड़, ग्राम पंचायत रामशहर के गांव बाली तथा ग्राम पंचायत धर्मन के गांव कटटल और जखौल में विद्युत समस्या के समाधान के लिए नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में अगले दो सप्ताह के भीतर नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे, जिससे लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

उन्होंने ग्राम पंचायत धर्मन के गांव कटटल संपर्क मार्ग को शीघ्र डेढ़ किलोमीटर तक पक्का करने की घोषणा भी की। वहीं ग्राम पंचायत डोली के गांव सुन्ना में विकास कार्यों के लिए 6 से 8 लाख रुपये उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

दौरे के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत बहेड़ी के गांव गुनाह स्थित सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर के डंगे के निर्माण के लिए दो लाख रुपये तथा बैरीघाट संपर्क मार्ग के सुधार एवं विकास के लिए भी दो लाख रुपये देने की घोषणा की।

बावा हरदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।