/विधानसभा के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश

विधानसभा के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश

शिमला, 19 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में विधानसभा के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज (फ्लाईओवर) के कार्य का निरीक्षण किया।

मिली जानकारी के मुताबिक निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि यह फ्लाईओवर शिमला शहर के सबसे व्यस्त यातायात बिंदुओं में से एक विधानसभा-रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। परियोजना के पूर्ण होने से स्थानीय लोगों, पर्यटकों और दैनिक यात्रियों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।

उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिमला में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि विधानसभा जंक्शन पर निर्माणाधीन यह फ्लाईओवर शिमला के महत्वपूर्ण यातायात सुधार परियोजनाओं में शामिल है, जिसके पूरा होने से शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अधिक सुचारू होने की उम्मीद है।