करीब 10 लाख भांग के पौधे नष्ट
शिमला, 6 जुलाई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
शिमला पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपाल उपमंडल के कोफरधार (नगाह) क्षेत्र में बड़े पैमाने पर की जा रही अवैध भांग की खेती का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने करीब 10 बीघा भूमि पर उगाई गई लगभग 10 लाख भांग के पौधों की अवैध फसल को नष्ट कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को पुलिस थाना नेरवा की टीम गश्त के दौरान कोफरधार (नगाह) क्षेत्र में पहुँची। मौके पर लगभग 10 बीघा भूमि पर अवैध रूप से भांग की खेती होती पाई गई। इसके बाद राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
प्रारंभिक जांच में एक बिस्वा भूमि में लगभग 5,000 भांग के पौधे पाए गए। इसी आधार पर पूरे क्षेत्र में करीब 10 लाख पौधों की अवैध खेती का अनुमान लगाया गया। पुलिस ने विभिन्न स्थानों से 40 भांग के पौधों के नमूने कब्जे में लिए, जबकि शेष अवैध फसल को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नष्ट कर दिया गया।
इस संबंध में पुलिस थाना नेरवा में अभियोग संख्या 34/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20, 61 एवं 85 के अंतर्गत अज्ञात व्यक्ति/व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अवैध भांग की खेती करने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










