/भाजपा के कई सक्रिय कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का दामन।

भाजपा के कई सक्रिय कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का दामन।

संगठन विस्तार अभियान को मिली मजबूती।

शिमला, 10 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के संगठन विस्तार अभियान के तहत शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भाजपा के कई सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने की।

कांग्रेस में शामिल हुए कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए कहा कि वे कांग्रेस की नीतियों और जनहितकारी निर्णयों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़े हैं तथा अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।

पार्टी में शामिल होने वालों में रोहड़ू से एचआरटीसी के सेवानिवृत्त महाप्रबंधक के.सी. चौहान, शिमला ग्रामीण से पूर्व बीडीसी सदस्य लक्ष्मी दास, वार्ड सदस्य जय लाल नेगी, वार्ड सदस्य करिश्मा शर्मा सहित लगभग 50 कार्यकर्ता शामिल रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा, कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, सोनिया चौहान, प्रधान जितेंद्र ठाकुर, पवन कुमार, कुलदीप ठाकुर सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने कहा कि संगठन विस्तार अभियान के तहत प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं, जिससे प्रदेश में संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।

जिला अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जाएगा।

उन्होंने सभी से संगठन के विस्तार और जनसेवा के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।