/गुनाई बस स्टैंड से HRTC बस की दो बैटरियां चोरी

गुनाई बस स्टैंड से HRTC बस की दो बैटरियां चोरी

24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

सोलन, 11 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

जिला सोलन के पुलिस थाना कसौली ने HRTC बस से बैटरियां चोरी होने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) नालागढ़ में कार्यरत चालक प्रदीप सिंह ने 10 जुलाई को पुलिस थाना कसौली में शिकायत दर्ज करवाई कि वह 8 जुलाई को नालागढ़ से गुनाई रूट पर बस लेकर आए थे और बस को गुनाई बस स्टैंड पर खड़ा किया था।

9 जुलाई की सुबह जब वह बस के पास पहुंचे तो अज्ञात व्यक्ति बस की दोनों बैटरियां चोरी कर चुका था। चोरी हुई बैटरियों की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।

शिकायत के आधार पर एफआईआर संख्या 58/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया।

तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी संतोष कुमार (35) पुत्र नवीन सिंह, मूल निवासी गांव भगवानपुर नरहरबीघा, डाकघर सिलाव, जिला नालंदा (बिहार) तथा वर्तमान निवासी गांव भैरों की सेर, टीपरा, तहसील कालका, जिला पंचकुला (हरियाणा) को 11 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी परवाणू की एक कंपनी में कार्यरत है और उसकी अधिकांश ड्यूटी रात्रि के समय रहती है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी पुलिस थाना परवाणू में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।