नालागढ़, 11 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
उपमंडलाधिकारी कार्यालय नालागढ़ के सभागार में आज शनिवार को हिमाचल प्रदेश जनगणना निदेशालय की निदेशक दीप शिखा शर्मा की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत 15 जुलाई 2026 तक संचालित हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस (हाउसिंग गणना) की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निदेशक दीप शिखा शर्मा ने हाउसिंग गणना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपमंडल नालागढ़ में अब तक किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास की आधारभूत प्रक्रिया है, जिसके आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, नीतियों तथा संसाधनों के वैज्ञानिक नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि हाउसिंग गणना का शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता, शुद्धता एवं पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही प्रत्येक आंकड़े का सावधानीपूर्वक सत्यापन सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि जनगणना के आंकड़े पूरी तरह विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित हों। उन्होंने विश्वास जताया कि उपमंडल नालागढ़ आगामी जनगणना संबंधी सभी कार्यों को भी इसी प्रतिबद्धता और दक्षता के साथ सफलतापूर्वक पूरा करेगा।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने उपमंडल में हाउसिंग गणना के तहत किए जा रहे कार्यों और विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गणना का कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनियोजित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बेहतर समन्वय तथा क्षेत्र स्तर पर अपनाई जा रही कार्यप्रणाली की भी जानकारी साझा की।

नरेंद्र अहलूवालिया ने निदेशक को आश्वस्त किया कि जनगणना से संबंधित आगामी सभी चरणों का कार्य भी पूरी गंभीरता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ संपन्न किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशासन पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
बैठक में तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद, तहसीलदार पंजेहरा, नगर परिषद नालागढ़ के कार्यकारी अधिकारी तथा हाउसिंग गणना से जुड़े विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









