बद्दी 12 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
औद्योगिक नगरी बीबीएन में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बद्दी पुलिस ने बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है।
पुलिस का कहना है कि ऐसे वाहनों का इस्तेमाल कई बार आपराधिक घटनाओं में भी किया जाता है, इसलिए इन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशों पर मई 2026 से जुलाई 2026 के बीच क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के मोटरसाइकिल चलाने वाले 728 चालकों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए। वहीं, गंभीर अनियमितता पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत 61 वाहनों को मौके पर ही जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की संलिप्तता अक्सर गंभीर अपराधों में सामने आती है, जिससे कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर मामला है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बीबीएन क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







