सोलन के 130 कामगारों को मिली 39.94 लाख रुपये की वित्तीय सहायता
सोलन 15 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा ।
श्रम कल्याण अधिकारी सोलन ललित शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा कामगारों के कल्याण के लिए वर्तमान में 14 योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए 18 से 60 वर्ष की आयु के ऐसे पात्र भवन एवं अन्य निर्माण कामगार, जिन्होंने पिछले 12 माह में किसी निर्माण स्थल पर कम से कम 90 दिन निर्माण कार्य किया हो, कामगार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
ललित शर्मा ने बताया कि 15 अगस्त, 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में बोर्ड के साथ पंजीकृत 4,967 कामगारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 20.61 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की।
इनमें सोलन जिले के 130 लाभार्थियों को कुल 39 लाख 94 हजार 740 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि सोलन जिले के 86 पात्र लाभार्थियों को शिक्षण छात्रवृत्ति सहायता योजना के तहत 21 लाख 53 हजार 800 रुपये, 29 लाभार्थियों को विवाह सहायता योजना के तहत 15 लाख 14 हजार रुपये, एक लाभार्थी को चिकित्सा सहायता के रूप में 2,290 रुपये, एक मानसिक रूप से दिव्यांग लाभार्थी की देखभाल के लिए 20 हजार रुपये, 10 लाभार्थियों को मातृत्व एवं पितृत्व प्रसुविधा सहायता के रूप में 3 लाख 1,500 रुपये तथा तीन पात्र लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन सहायता के रूप में 3,150 रुपये प्रदान किए गए।
श्रम कल्याण अधिकारी ने सभी पात्र भवन एवं अन्य निर्माण कामगारों से आह्वान किया कि वे बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए अपना पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें।









