बाढ़ के खतरे को लेकर सतर्क रहने की अपील
बद्दी, 3 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
लगातार हो रही बारिश के बीच बद्दी पुलिस ने मंगलवार को बालद खड्ड के किनारे से दर्जनों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया।

मिली जानकारी के मुताबिक इनमें वे परिवार भी शामिल थे, जिन्होंने खड्ड किनारे झुग्गियां बनाकर डेरा डाला हुआ था। पुलिस ने सभी को चेताया कि मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, ऐसे में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा बना हुआ है।

इस बात की पुष्टी करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि खड्ड का जलस्तर कभी भी बढ़ सकता है, जिससे किनारे रहने वाले लोगों की जान को खतरा हो सकता है। इसी को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को वहां से हटाया और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी।

पुलिस ने अपील की है कि किसी भी स्थिति में नागरिक नदियों और खड्डों के पास न जाएं और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या कंट्रोल रूम से संपर्क करने की सलाह दी है।






