/एशिया हॉकी # आखिर भारत ने लय पकड़ी

एशिया हॉकी # आखिर भारत ने लय पकड़ी

सोलन 6 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/साभार मनमोहन सिंह

आखिरकार भारतीय हॉकी टीम ने लय पकड़ ली है। सुपर 4 के अपने दूसरे मैच में भारत ने सबसे मज़बूत मानी जा रही मलेशिया की टीम को 4-1 से हर कर पूरे अंक हासिल कर लिए और दो मैचों के बाद वह कुल चार अंक ले कर तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है।

भारत का अंतिम मैच आज शाम 07.30 बजे चीन के साथ है।

चीन के लिए इस मैच का जीतना अनिवार्य है जबकि भारत मात्र ड्रॉ से भी फाइनल में प्रवेश कर जाएगा। मौजूदा स्थिति में चीन तीन अंकों के साथ दूसरे मलेशिया के भी तीन अंक हैं और वो तीसरे और पिछला चैंपियन दक्षिण कोरिया मात्र एक अंक के साथ चौथी और अंतिम पायदान पर है।

दक्षिण कोरिया को अपना अंतिम मैच मलेशिया के साथ खेलना है। अगर उसने मलेशिया को हरा दिया और चीन भारत से हार गया तो चार अंकों के साथ वह भी फाइनल में प्रवेश कर सकता है। अभी तक स्थिति साफ नहीं है। सब कुछ ‘किंतु परन्तु’ में फंसा है।

जिस तरह का खेल भारत ने मलेशिया के खिलाफ दिखाया उसमें भारतीय हॉकी की झलक मिली। हालांकि मलेशिया ने पहले ही मिनट में फील्ड गोल करके बढ़त हासिल करली थी पर भारत ने ज़ोरदार वापिसी करते हुए मैच अपनी पकड़ में कर लिया। भारत की रक्षापंक्ति का खेल बहुत सुंदर था।

हॉफ लाइन में हार्दिक के साथ मनप्रीत, जर्मनप्रीत और अमित रोहिदास ने कमाल का खेल दिखाया।

भारत के लिए राजकुमार पॉल, अभिषेक और दिलप्रीत का ‘ऑफ कलर’ होना चिंता का विषय है। ये तीनों फॉरवर्ड लाइन की रीढ़ की हड्डी हैं। हालांकि मनदीप सिंह पूरी फॉर्म में हैं और हार्दिक सिंह हॉफ लाइन से बढ़ कर एक फॉरवर्ड की भूमिका भी निभा रहे हैं फिर भी यह काफी नहीं।

एक बात तो तय है कि अगर भारत ने अपनी पूरी ताकत से आधी ताकत भी लगा दी तो चीन पर आसानी से जीत दर्ज कर लेंगे। एक तरह से यदि भारत ने बहुत ही खराब खेल न दिखाया तो फाइनल में उसका प्रवेश पक्का है।