बद्दी, 8 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो /वर्मा।
उपमंडल बद्दी में लगातार हो रही भारी वर्षा से रविवार को कई स्थानों पर नुकसान दर्ज किया गया। प्रशासन द्वारा जारी दैनिक क्षति रिपोर्ट के अनुसार मानव जीवन एवं पशु हानि की कोई सूचना नहीं है, लेकिन ढांचागत नुकसान सामने आया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारी वर्षा से तीन कच्चे मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे लगभग 55,000 रुपये का नुकसान आंका गया है। इसके अलावा दो पक्के मकान और दो गोशालाएं भी क्षति ग्रस्त हुई हैं। प्रभावित लोगों में जगत राम पुत्र तुलसी राम, गांव अडोई, और पूर्ण चंद पुत्र तुलसी राम, गांव बहरामपुर शामिल हैं।
हालांकि किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है और पशुओं की मौत की भी कोई सूचना नहीं है। प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से अंतरिम राहत प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उपमंडल अधिकारी (ना.) बद्दी ने कहा कि क्षेत्र में लगातार वर्षा से नुकसान का आंकलन किया जा रहा है और जरूरतमंद परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।









