शिमला/ऊना 26 सितंबर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के आरोपों का सामना कर रहे एसडीएम ऊना, विश्व मोहन देव चौहान, को फिलहाल अंतरिम अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया है। न्यायमूर्ति राकेश कैंथला की एकल पीठ ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर विस्तृत जांच रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी।
एफआईआर के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने 10 अगस्त, 2025 को युवती से दुष्कर्म किया और शादी का आश्वासन दिया। इसके बाद 20 अगस्त को उसे विश्राम गृह बुलाकर दोबारा दुष्कर्म करने तथा वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
इस बीच, फोरेंसिक टीम ने अधिकारी के कार्यालय और विश्राम गृह का दौरा कर साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।









