28 पंचायतों की आवाजाही प्रभावित
सोलन (नालागढ़) 25 नवंबर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
जिला सोलन के पहाड़ी क्षेत्र रामशहर में नालागढ़ डिपो की बसों के निर्धारित समय सारिणी के अनुसार न चलने से 28 पंचायतों के ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि बसें अक्सर अपने निर्धारित समय से पहले ही रूट छोड़ देती हैं या कई बार तय समय पर आती ही नहीं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों—किशन चंद, प्रेम सागर, रचना देवी, दिनेश कुमार, प्रेमलाल, दुर्गाराम, बैली राम, राम मनोज कुमार, जितेंद्र कुमार, सुदेश कुमारी, मनोरमा देवी, चंपा देवी, सीता देवी, सुमन, सरोज, कांता देवी, लाजो सहित अनेक ग्रामीणों—ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में अधिकतर रूट या तो गंतव्य स्थल पहुंचने से पहले ही हाफ हो जाते हैं या नियमित समय पर नहीं चलते। इसके चलते लोगों को अपने गंतव्य तक पैदल दो से तीन किलोमीटर तक चलना पड़ता है, जबकि इन दिनों ठंड के मौसम में यह परेशानी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि गत एक सप्ताह से रूट पर यही स्थिति बनी हुई है। कभी बस रामशहर से साई-बायला रूट तक आती ही नहीं, तो कभी बीच रास्ते से वापस लौट जाती है। कई बार साई-बायला से रामशहर के लिए चलती है तो नालागढ़ न जाकर रास्ते में ही रुक जाती है। रविवार को भी साई-बायला–रामशहर रूट बाधित रहा, जिससे छह पंचायतों के लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा और यात्रियों को मजबूरन टैक्सी व निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।









