/धनराशि कमी के कारण रामशहर में तहसील भवन का निर्माण दो वर्षों से ठप्प।

धनराशि कमी के कारण रामशहर में तहसील भवन का निर्माण दो वर्षों से ठप्प।

सोलन (नालागढ़) 26 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल की रामशहर तहसील कार्यालय के नए भवन का निर्माण पिछले दो वर्षों से अधर में लटका हुआ है।

मिली जानकारी के मुताबिक परियोजना के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध न होने के कारण कार्य मार्च 2023 के बाद से पूरी तरह ठप पड़ा है।

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों को अब भी पुराने उप-तहसील भवन में ही काम चलाना पड़ रहा है।

सूत्रों के अनुसार, भवन निर्माण के लिए स्वीकृत धनराशि की पहली किस्त खर्च हो चुकी है, लेकिन शेष राशि अब तक जारी नहीं हुई है। शुरुआती चरण में भवन का ढांचा तैयार कर लिया गया था, लेकिन बजट न मिलने से आगे का कार्य रोकना पड़ा।

लोगों बताया कि निर्माण रुकने से न केवल सरकारी संसाधनों का उपयोग भी नहीं हो रहा है, इस के तहसील कार्यों की सुचारू व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि तहसील स्तर की सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए भवन का निर्माण जल्द पुनः शुरू होना आवश्यक है।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शेष धनराशि जारी होते ही निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।

लंबे समय से लंबित इस परियोजना के चलते जनता में असंतोष बढ़ रहा है और लोग सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।