/न्यूज़ीलैंड में सांता परेड के दौरान प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के सौहार्द की मिसाल

न्यूज़ीलैंड में सांता परेड के दौरान प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के सौहार्द की मिसाल

हिम नयन न्यूज़ के संवाददाता शितांशु ठाकुर की विशेष रिपोर्ट

न्यूजीलैंड (ऑकलैंड) 8 दिसंबर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ शितांशु ठाकुर

न्यूज़ीलैंड के बीचलैंड्स सेंटर सांता परेड के दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने बहुसांस्कृतिक सौहार्द की मिसाल पेश की। जहां कुछ देशों के राष्ट्रपतियो पर विदेशी मूल के निवासियों के प्रति पक्षपातपूर्ण रवैये के आरोप लगते रहे हैं, वहीं दूसरी ओर न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने विदेशी मूल के लोगों के प्रति अपनापन और सम्मान प्रदर्शित कर अलग ही संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री लक्सन ने सबसे पहले हिम नयन न्यूज़ के न्यूज़ीलैंड संवाददाता शितांशु ठाकुर से मुलाक़ात की और वहाँ रह रहे विदेशी मूल के निवासियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने उनके अनुभवों, विचारों और समुदाय में उनके योगदान के बारे में जानने की उत्सुकता भी जताई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सभी विदेशी मूल के निवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएँ दीं और उनके कार्यों की सराहना की।

क्रिस्टोफर लक्सन, जो नेशनल पार्टी के नेता हैं, 2023 के आम चुनाव के बाद गठबंधन सरकार का नेतृत्व संभालते हुए प्रधानमंत्री बने।

राजनीति में आने से पहले उन्होंने यूनिलीवर में लगभग 18 वर्षों तक वैश्विक पदों पर कार्य किया, जिनमें एशिया पैसिफ़िक क्षेत्र के लिए इनोवेशन डायरेक्टर जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ शामिल थीं। इसके बाद वे एयर न्यूज़ीलैंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बने। उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभवों ने भारत एवं दक्षिण एशिया के साथ व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों के प्रति उनकी समझ और रुचि को और प्रगाढ़ किया।

बीचलैंड्स सेंटर सांता परेड स्थानीय समुदाय द्वारा आयोजित एक प्रमुख वार्षिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में परिवार और बच्चे शामिल होते हैं। इस बार प्रधानमंत्री लक्सन की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ा दी। लोगों से उनकी सहज बातचीत और आत्मीय व्यवहार ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

प्रधानमंत्री के इस विनम्र और सौहार्दपूर्ण रवैये की स्थानीय समुदाय तथा विदेशी मूल के निवासियों द्वारा व्यापक सराहना की जा रही है। जानकारों का मानना है कि यही व्यवहार उनकी बढ़ती लोकप्रियता का प्रमुख कारण भी बनता जा रहा है।