/पुलिस थाना नालागढ़ परिसर में विस्फोट की घटना के संदर्भ में स्थिति

पुलिस थाना नालागढ़ परिसर में विस्फोट की घटना के संदर्भ में स्थिति

पुलिस ने आर्मस एक्ट नहीं धारा 324(4), 125 BNS के अंतर्गत किया मामला दर्ज

नालागढ़ 1 जनवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

आज नव वर्ष के पहले दिवस को प्रातः लगभग 9:40 बजे पुलिस थाना नालागढ़ के स्टोर रूम के पीछे एक विस्फोट की घटना घटित हुई।

इस बारे में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस द्वारा तत्काल क्षेत्र को सील कर दिया गया तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए|

विस्फोट के कारण स्टोर रूम के शीशे क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त, घटनास्थल से लगभग 40–50 मीटर की दूरी पर स्थित भवन की खिड़कियों के शीशों को भी नुकसान पहुंचा है।

इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि अथवा कोई घायल नहीं हुआ है।

घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया, जिनके द्वारा आवश्यक नमूने एकत्र कर रासायनिक परीक्षण हेतु भेजे गए हैं।

परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत ही विस्फोट के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी ।

पुलिस अधीक्षक बद्दी स्वयं मौके पर उपस्थित रहे तथा स्थिति का जायजा लिया। यह घटना स्टोर रूम के पास पड़े पुराने सामान या किसी शरारती तत्वों की संलिप्तता से हुई है इस संबंध में जांच जारी है।

एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर दी गई है। अलग अलग टीमों का गठन कर CCTV फुटेज़ खंगाले जा रहे हैं।

इस संदर्भ में पुलिस द्वारा थाना नालागढ़ में धारा 324(4), 125 BNS के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।