/हिमाचल की औद्योगिक नगरी में अनैतिक देह व्यापार का भांडा फोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

हिमाचल की औद्योगिक नगरी में अनैतिक देह व्यापार का भांडा फोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

नालागढ़ 10 जनवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अनैतिक देह व्यापार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए गत दिवस डंडोरा होटल, चौकीवाला में छापेमारी की।

पुलिस कार्रवाई के दौरान होटल से चार महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि होटल में अवैध देह व्यापार का संचालन गफूर मोहम्मद एवं खलील मोहम्मद द्वारा किया जा रहा था।

इस बात की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपी गांव झीडा, डाकघर मंझोली, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के निवासी बताए गए हैं।

इस संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में उपरोक्त दोनों आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा आगामी अन्वेषण जारी है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और समाज को इस प्रकार की अवैध गतिविधियों से मुक्त किया जा सके।