पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव।
सोलन, 9 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
पुलिस चौकी शहर सोलन को सूचना मिली कि पुराने उपायुक्त कार्यालय के समीप निर्माणाधीन नगर निगम पार्किंग में एक व्यक्ति मुंह के बल अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला और जांच करने पर उसे मृत घोषित किया गया।

मौके पर मौजूद लोगों की उपस्थिति में शव का निरीक्षण किया गया, जिसमें शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए। सरसरी जांच में मृतक की पहचान हिमांशु (23) पुत्र भूपेन्द्र, निवासी गांव शीलड, डाकघर कंडा, तहसील कसौली, जिला सोलन के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक सोलन में कैटरिंग का काम करता था और शराब का आदी था।
पुलिस के अनुसार 8/9 फरवरी की रात उसने अत्यधिक शराब का सेवन किया था, जिससे वह असंतुलित होकर गिर गया और संभवतः अंदरूनी चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि अब तक परिजनों या अन्य किसी व्यक्ति द्वारा किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। मामले में धारा 194 BNSS, 2023 के तहत कार्रवाई करते हुए जांच जारी है।










