नालागढ़ 16 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा किरपालपुर स्थित “दिव्य अनुभूति धाम” में 12 ज्योतिर्लिंग दर्शन मेला आयोजित किया जा रहा है। यह आध्यात्मिक मेला 12 फरवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
आयोजकों के अनुसार, देश के विभिन्न स्थानों पर स्थित विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने में काफी धन, समय और श्रम लगता है। इसी उद्देश्य से इस मेले में एक ही स्थान पर 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को एक साथ आध्यात्मिक लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम महाआरती सुबह 7 बजे और शाम 7 बजे आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से परिवार और मित्रों सहित मेले में पहुंचकर आध्यात्मिक वातावरण का लाभ लेने का आह्वान किया है।
संस्था ने अपने परिचय में बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की स्थापना वर्ष 1937 में हुई थी और इसे संयुक्त राष्ट्र संघ में NGO के रूप में मान्यता प्राप्त है। संस्था विश्व के 140 से अधिक देशों में 4500 से ज्यादा शाखाओं के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग मेडिटेशन की निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर रही है।






