/नंगल में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित।

नंगल में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित।

55 लोगों का परीक्षण।

नालागढ़, 17 फरवरी
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल आयुष विभाग के आयुषमान आरोग्य मंदिर नंगल की ओर से आज गांव नंगल स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर का नेतृत्व आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीतू ठाकुर ने किया।

शिविर के दौरान कुल 55 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। लोगों का मधुमेह (शुगर), एचआईवी तथा ब्लड प्रेशर (बीपी) परीक्षण किया गया तथा जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर डॉ. नीतू ठाकुर ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि युवाओं को नशे के दलदल से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आज हर व्यक्ति नशे से होने वाले नुकसान को जानता है, फिर भी युवा शराब, सिगरेट और ड्रग्स जैसे नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे हैं, जिससे वे धीरे-धीरे इसके आदी हो जाते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वस्थ जीवन के लिए नशे से दूर रहें और अपनी दिनचर्या तथा ऋतुचर्या का पालन करें।

शिविर में आयुर्वेद फार्मा अधिकारी निशा के साथ पवना देवी, कैलाश देवी, तरिप्ता, समीना, अजु, मोहित, पूनम, ममता, इंद्रपाल सहित गांव के अनेक लोग उपस्थित रहे। आयुष विभाग ने बताया कि लोगों की सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य जागरूकता के लिए इस तरह के शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे।