/राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के एनएसएस शिविर का चौथा दिन।

राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के एनएसएस शिविर का चौथा दिन।

सड़क सुरक्षा रैली व स्वच्छता जागरूकता अभियान आयोजित

नालागढ़, 21 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का आज चौथा दिन उत्साह और जनजागरूकता गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज परिसर से नालागढ़ शहर तक निकाली गई सड़क सुरक्षा रैली से हुई। स्वयंसेवकों ने हाथों में जागरूकता संदेशों वाले बैनर लेकर आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया।

रैली के उपरांत सभी स्वयंसेवक रडियाली पंचायत के बांग्ला कॉलोनी से सटे क्षेत्र में पहुंचे, जहाँ उन्होंने साफ-सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के विषय में लोगों को जागरूक किया। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर प्रोफेसर अंचला ने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए एनएसएस के महत्व और समाज सेवा की भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है।

राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की कार्यकारी अधिकारी डॉ. संदीपिका की देखरेख में शिविर के चौथे दिन की सभी गतिविधियाँ सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी समाजोपयोगी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।