शिमला–सोलन सीमा पर हाई-वोल्टेज ड्रामा
चंडीगढ़ 27 फ़रवरी
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
दिल्ली में आयोजित एआई सम्मेलन के दौरान कथित नग्न प्रदर्शन मामले में नामजद युवा कांग्रेस के तीन आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू स्थित एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान और उसके बाद शिमला–सोलन सीमा पर दोनों राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय को लेकर हाई-वोल्टेज घटनाक्रम देखने को मिला।
सूत्रों के अनुसार, 24/25 फरवरी की रात चली कार्रवाई में दिल्ली पुलिस की टीम ने रोहड़ू के एक गेस्ट हाउस में दबिश दी। बताया जा रहा है कि टीम ने परिसर में प्रवेश कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

इस दौरान स्थानीय स्तर पर पुलिस की मौजूदगी और आरोपियों को ले जाने की प्रक्रिया को लेकर तनाव की स्थिति बनी रही।
घटनाक्रम के बीच दिल्ली पुलिस पर हिमाचल में तीन युवकों के अपहरण संबंधी एफआईआर दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि कार्रवाई विधिसम्मत थी और आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया गया है।
पुलिस अब उन लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने आरोपियों को शरण दी।

हिमाचल पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान में कहा गया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और सभी कार्रवाइयां विधि के अनुरूप की जा रही हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है।
पूरे घटनाक्रम ने अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय और कानूनी प्रक्रियाओं को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। मामले में आगे की जांच और न्यायालयीन कार्यवाही पर सभी की नजरें टिकी हैं।










