/हिमाचल में मौसम ने बदली करवट ।

हिमाचल में मौसम ने बदली करवट ।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित

शिमला, 18 मार्च
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेते हुए ठंड का असर बढ़ा दिया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों—कुल्लू, मनाली और लाहौल-स्पीति में ताज़ा बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि निचले इलाकों में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई है।

बर्फबारी के चलते मनाली-लेह मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें प्रभावित हुई हैं। अटल टनल के आसपास बड़ी संख्या में वाहन फंसने की सूचना है, जिन्हें निकालने के लिए प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

राजधानी शिमला सहित कई जिलों में दिनभर आसमान बादलों से ढका रहा, जिससे ठंडक बढ़ गई।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पहाड़ों की यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं प्रशासन ने भी लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की ताज़ा जानकारी लेकर ही सफर करने का आग्रह किया है।

प्रदेश में बदले मौसम के कारण जहां एक ओर ठंड का असर बढ़ा है, वहीं पर्यटन गतिविधियों और यातायात पर भी इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है।