शिमला, 24 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और डीजल पर टैक्स बढ़ाए जाने के फैसले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
भाजपा नेताओं ने इस निर्णय को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है और इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया है।
लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर बढ़ाया गया टैक्स प्रदेश की जनता, विशेषकर किसानों, बागवानों और मध्यम वर्ग के लिए भारी साबित होगा। उन्होंने इसे कांग्रेस सरकार का जनविरोधी फैसला करार देते हुए कहा कि इससे महंगाई बढ़ेगी और पर्यटन व व्यापार पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा।

वहीं, लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने भी सरकार के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि सीधे तौर पर आम जनता की जेब पर असर डालती है।
उनके अनुसार, इससे परिवहन लागत बढ़ेगी, जिससे आवश्यक वस्तुओं के दाम भी बढ़ेंगे और महंगाई को बढ़ावा मिलेगा।
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल पर टैक्स बढ़ाना सरकार की वित्तीय विफलता का संकेत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आर्थिक प्रबंधन में असफल रही है और अब इसकी भरपाई जनता पर अतिरिक्त टैक्स लगाकर की जा रही है।









