/नालागढ़ में अवैध खैर लकड़ी बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

नालागढ़ में अवैध खैर लकड़ी बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

घास के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी लकड़ी, वन विभाग टीम के साथ धक्का-मुक्की भी

नालागढ़, 2 अप्रैल
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो

पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत गांव जागली के समीप अवैध खैर लकड़ी के परिवहन का मामला सामने आया है।

वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान नाका लगाकर एक पिकअप वाहन से बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम वाहनों की जांच कर रही थी, तभी एक पिकअप (नंबर HP12J-2387) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में घास के नीचे छिपाकर खैर की 17 लकड़ियां अवैध रूप से ले जाई जा रही थीं।

मौके पर मौजूद व्यक्तियों से लकड़ी के संबंध में कोई वैध परमिट प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

वाहन चालक की पहचान जगदीश चंद पुत्र मस्त राम, निवासी गांव सरौर, डाकघर रतवाड़ी, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है।

उसके साथ विरेन्द्र उर्फ सोनू पुत्र रामपाल तथा श्याम लाल पुत्र रत्ना, दोनों निवासी गांव व डाकघर रतवाड़ी, तहसील नालागढ़, मौके पर मौजूद पाए गए।

कार्रवाई के दौरान आरोपी विरेन्द्र उर्फ सोनू ने वन रक्षक के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास भी किया।

इस संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय वन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मामले की जांच की जा रही है।