शिमला, 15 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल दिवस 2026 के अवसर पर जिला पुलिस के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को माननीय उप-मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
इन पुलिस कर्मियों ने अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान साहस, सूझबूझ, पेशेवर दक्षता और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

सम्मानित अधिकारियों में निरीक्षक आशीष कौशल ने वर्ष 2026 में विभिन्न अभियानों के दौरान 627.25 ग्राम हेरोइन, 2.556 किलोग्राम भांग तथा 127.90 ग्राम अफीम बरामद कर 28 मामले दर्ज किए।
साथ ही न्यू शिमला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एलएसडी (562 स्टैम्प) की बरामदगी कर अंतर-जिला ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
मुख्य आरक्षी जगदीश सिंह ने आईएसबीटी शिमला में तैनाती के दौरान सतर्कता दिखाते हुए 288 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जो सार्वजनिक स्थल पर नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई रही।
मुख्य आरक्षी पियूष राज ने नारकंडा क्षेत्र में गश्त के दौरान चार आरोपियों से करीब 11.5 किलोग्राम अफीम और ₹12 लाख की अवैध नकदी बरामद कर संगठित तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया।

वहीं आरक्षी चालक सतपाल ने सतलुज नदी में कूदकर एक महिला की जान बचाई और CPR देकर मानवता की मिसाल पेश की।
आरक्षी शुभम (ट्रैफिक विंग) विक्ट्री टनल जैसे व्यस्त क्षेत्र में यातायात प्रबंधन के साथ-साथ स्कूली बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सहायता कर जन-मैत्री पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

इन सभी अधिकारियों की उपलब्धियां “नशामुक्त हिमाचल” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं और पुलिस विभाग के लिए गौरव का विषय हैं।









