नालागढ़ 20 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
सोलन जिले के रामशहर पंचायत में प्रधान पद को ओबीसी श्रेणी के लिए आरक्षित किए जाने पर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया है। इस फैसले के खिलाफ नानक चंद सहित कई लोगों ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी जिला उपायुक्त मनमोहन शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया था और मामला मीडिया में भी प्रमुखता से उठाया गया, इसके बावजूद आरक्षण में बदलाव नहीं किया गया।

लोगों का आरोप है कि यह निर्णय न तो न्यायसंगत है और न ही तर्कसंगत। उन्होंने सरकार और पंचायत मंत्री से इस मुद्दे पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं में भी नाराजगी बताई जा रही है, क्योंकि पिछले कई दशकों से इस पद को उनके लिए आरक्षित नहीं किया गया है।










