/पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी में क्राइम एवं वेलफेयर बैठक आयोजित।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी में क्राइम एवं वेलफेयर बैठक आयोजित।

पंचायत चुनावों को लेकर दिए अहम निर्देश

बद्दी, 13 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी के कांफ्रेंस हॉल में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान की अध्यक्षता में क्राइम एवं वेलफेयर बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप-पुलिस अधीक्षक बद्दी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।


बैठक के दौरान लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे, अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।


पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं अन्य फील्ड यूनिट्स को NDPS Act के तहत अवैध नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध की जा रही कार्रवाईयों का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा तथा जिन अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया जाएगा, उनकी जवाबदेही भी तय की जाएगी।


बैठक में पुलिस कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं, सुझावों एवं विभिन्न शिकायतों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए पुलिस कर्मचारियों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।