/वरिष्ठ वामपंथी नेता जगदीश चंद्र भारद्वाज के निधन पर भाकपा नालागढ़ तहसील कमेटी ने जताया शोक

वरिष्ठ वामपंथी नेता जगदीश चंद्र भारद्वाज के निधन पर भाकपा नालागढ़ तहसील कमेटी ने जताया शोक

नालागढ़, 13 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) नालागढ़ तहसील कमेटी की बैठक वरिष्ठ नेता कामरेड के.एस. कौंडल (अधिवक्ता) की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं एटक हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष कामरेड जगदीश चंद्र भारद्वाज के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। नेताओं ने उनके निधन को प्रदेश के वामपंथी आंदोलन और श्रमिक वर्ग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कामरेड जगदीश चंद्र भारद्वाज का संपूर्ण जीवन श्रमिकों, किसानों तथा समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उनके निधन से प्रदेश के मजदूर आंदोलन ने एक संघर्षशील, समर्पित और दूरदर्शी नेतृत्व खो दिया है।

भाकपा के वरिष्ठ नेता कामरेड नरेश घई, दिलीप राणा, रक्षापाल कौंडल, सुरिंदर सिंह और यशपाल ने संयुक्त रूप से शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कामरेड भारद्वाज का निधन केवल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ही नहीं, बल्कि पूरे वामपंथी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है।

बैठक में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। नेताओं ने कहा कि कामरेड भारद्वाज द्वारा दिखाए गए संघर्ष, सामाजिक न्याय और मजदूर हितों की रक्षा के मार्ग पर पार्टी पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ती रहेगी।

बैठक में कामरेड शरणजीत सिंह, मोहन लाल, कृष्ण सिंह, भूपेंद्र सिंह, संजीव कुमार, रोशन लाल तथा साध राम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।