फायर विभाग समेत निजी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं, जनहानि की सूचना नहीं
बद्दी, 20 मई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/रजनीश ठाकुर
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के काठा स्थित एक पंखा निर्माण कंपनी में मंगलवार देर शाम करीब 8 बजे भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुएं के घने गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे, जिससे आसपास की औद्योगिक इकाइयों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया गया।

आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास की कंपनियों की निजी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके चलते एहतियात के तौर पर कंपनी परिसर को तत्काल खाली करवा लिया गया। राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की जनहानि अथवा कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी कंपनी में पिछले वर्ष भी आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार दूसरी बार आगजनी की घटना होने से कंपनी के सुरक्षा प्रबंधों और अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
फायर विभाग के अधिकारी देर रात तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के प्रयास में जुटे रहे। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
आग पर काबू पाने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा।
–






