/महिला को लगातार परेशान करने वाला आरोपी गिरफ्तार।

महिला को लगातार परेशान करने वाला आरोपी गिरफ्तार।

कई राज्यों में दर्ज हैं स्टॉकिंग के मामले

शिमला, 20 मई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

जिला शिमला के पुलिस थाना कोटखाई में महिला उत्पीड़न एवं पीछा करने (स्टॉकिंग) से जुड़े एक मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में इसी प्रकार के कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78 एवं 351(2) के तहत एक महिला की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी प्रशांत शेखर सिंह, पुत्र मुन्ना लाल, निवासी जानकीपुरम, लखनऊ (उत्तर प्रदेश), उसे लगातार व्हाट्सएप संदेश, कॉल तथा अन्य माध्यमों से परेशान कर रहा था।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में विभिन्न राज्यों में स्टॉकिंग से संबंधित पांच एफआईआर दर्ज हैं, जिनमें से दो मामले पुलिस थाना कोटखाई से जुड़े हुए हैं।

मामले की जांच के दौरान 19 मई 2026 को आरोपी को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। जांच में पाया गया कि आरोपी पहले भी इसी प्रकार के अपराधों में संलिप्त रहा है तथा हाल ही में जेल से रिहा होने के बावजूद उसने पीड़िता से दोबारा संपर्क करने, व्हाट्सएप कॉल एवं संदेश भेजने तथा अन्य माध्यमों से उसे लगातार परेशान करने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा बार-बार समान प्रकृति के अपराध दोहराने तथा पीड़िता एवं उसके परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

जिला शिमला पुलिस ने कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।