शिमला, 21 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
जिला शिमला पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका को रोकने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत दो अलग-अलग मामलों में निवारक कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला मामला 20 मई का है। पुलिस चौकी ज्यूरी को सूचना मिली कि एक युवक अपने परिवार के सदस्यों के साथ हाथापाई कर रहा है और क्षेत्र में हुड़दंग मचा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां युवक सार्वजनिक रूप से उत्पात मचाते हुए पाया गया। शांति भंग होने तथा किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने युवक को BNSS की धारा 126/170 के तहत गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे पुलिस हवालात में रखा गया है तथा नियमानुसार सक्षम प्राधिकारी के समक्ष पेश किया जाएगा।
दूसरा मामला गुरुवार को सामने आया, जब एक युवक नशे की हालत में पुलिस थाना सदर शिमला पहुंच गया। आरोप है कि उसने थाना परिसर में पुलिस कर्मियों के साथ बहस, अभद्र व्यवहार और शोर-शराबा शुरू कर दिया। मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजे जाने पर चिकित्सीय जांच में उसके द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार युवक ने अस्पताल परिसर में भी डॉक्टरों, अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया तथा उत्पात मचाया।
पुलिस का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद युवक का आक्रामक रवैया जारी रहा, जिससे वह स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने उसे भी BNSS की धारा 126/170 के तहत गिरफ्तार कर पुलिस हवालात में बंद कर दिया।
जिला शिमला पुलिस ने आम नागरिकों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, नशे की हालत में अभद्र व्यवहार तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।









