/नालागढ़ में भी पंचायती राज चुनावों का अंतिम चरण कल।

नालागढ़ में भी पंचायती राज चुनावों का अंतिम चरण कल।

26 ग्राम पंचायतों में होगा मतदान।

नालागढ़, 29 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव-2026 के अंतर्गत विकास खंड नालागढ़ में अंतिम चरण का मतदान 30 मई को आयोजित किया जाएगा।

निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने कहा कि विकास खंड नालागढ़ में प्रथम एवं द्वितीय चरण का मतदान क्रमशः 26 और 28 मई को सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। इन दोनों चरणों में 52 ग्राम पंचायतों में चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित हुए, जिसमें मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

नरेंद्र अहलूवालिया ने बताया कि तीसरे एवं अंतिम चरण में विकास खंड की शेष 26 ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।

मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, बिजली, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी में तैनात पोलिंग पार्टियों, सेक्टर अधिकारियों तथा अन्य कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

निर्वाचन अधिकारी ने क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से 30 मई को अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्भीक एवं निष्पक्ष रूप से मतदान करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मत लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा जनप्रतिनिधियों के चयन में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र की सफलता का आधार है।

उन्होंने विश्वास जताया कि अंतिम चरण का मतदान भी पूर्व चरणों की तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगा तथा क्षेत्र के मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाएंगे।