कोर्ट परिसर से भागने की कोशिश करने वाला आरोपी दोबारा दबोचा
शिमला, 30 मई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

पुलिस चौकी ख्वारा की टीम ने एनएच-5 पर गश्त और वाहन जांच के दौरान एक टैक्सी से दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 13 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 मई 2026 को जांच के लिए रोकी गई टैक्सी में सवार साहिल कैथ (24) निवासी कराली, तहसील रामपुर तथा आर्यन धांटा (22) निवासी कलगांव, तहसील रोहड़ू के कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। तलाशी और बरामदगी की कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार पूरी की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 101/26 के तहत धारा 21 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद 1 जून 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

इस बीच, मामले ने नया मोड़ तब लिया जब 29 मई को आरोपी साहिल कैथ ने न्यायालय में पेशी के दौरान पेट दर्द का बहाना बनाया और कोर्ट परिसर स्थित शौचालय से पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया।
आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, लेकिन जिला शिमला पुलिस ने तत्काल विशेष तलाश अभियान शुरू कर उसे कुछ ही समय में दोबारा पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के फरार होने के प्रयास को लेकर पुलिस थाना वेस्ट शिमला में अभियोग संख्या 104/26 के तहत धारा 262 बीएनएस के अंतर्गत एक और मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में जांच जारी है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।





