/स्व गणना के लिए 15 जून तक ऑनलाइन दर्ज करें जानकारी- उपायुक्त मनमोहन शर्मा

स्व गणना के लिए 15 जून तक ऑनलाइन दर्ज करें जानकारी- उपायुक्त मनमोहन शर्मा

सोलन, 2 जून ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने जिले में जनगणना के लिए शुरू किए गए स्व गणना (Self Enumeration) विकल्प का शुभारंभ करते हुए सभी नागरिकों से इसका अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि जनगणना निदेशालय द्वारा शुरू किए गए इस ऑनलाइन माध्यम के तहत नागरिक 1 जून से 15 जून 2026 तक स्व गणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

उपायुक्त ने कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण पूरा होने पर नागरिकों को 11 अंकों का स्व गणना आईडी नंबर प्राप्त होगा।

यह आईडी 16 जून से 15 जुलाई 2026 के बीच घर-घर सर्वेक्षण के लिए आने वाले जनगणना कर्मियों को बतानी होगी। इस आईडी के माध्यम से नागरिकों द्वारा पहले से दर्ज की गई जानकारी जनगणना कर्मी के मोबाइल ऐप पर उपलब्ध हो जाएगी, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल और सटीक बनेगी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में की जा रही है।

नागरिकों से सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश, प्रदेश और जिले की भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, सहायक आयुक्त नीरजा शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने भी स्व गणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करवाई।