/जाली इंश्योरेंस दस्तावेज़ मामले में घोषित भगोड़ा आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

जाली इंश्योरेंस दस्तावेज़ मामले में घोषित भगोड़ा आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

अर्की, 12 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा

सोलन जिला पुलिस द्वारा गठित पी.ओ. (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) सेल की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे भगोड़ा आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखजिंदर सिंह (47) पुत्र हरिचरण सिंह, निवासी गांव कोटला भड़ी, डाकघर समराला, जिला लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना अर्की में अभियोग संख्या 56/2026 दिनांक 11 जून 2026 को धारा
209 एवं 269 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना अर्की में धोखाधड़ी से संबंधित मामला संख्या 55/2018 दिनांक 13 जून 2018 को धारा 471 एवं 468 भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज किया गया था।

जांच में सामने आया था कि आरोपी ने HDFC ERGO General Insurance की कथित रूप से फर्जी बीमा पॉलिसी तैयार कर उसे एमएसीटी (MACT) कोर्ट सोलन में प्रस्तुत किया था। आरोप है कि उसने जाली दस्तावेजों के आधार पर बीमा कंपनी से मुआवजा प्राप्त करने का प्रयास किया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आरोपपत्र तैयार कर न्यायालय में पेश किया था।

हालांकि, मुकदमे की सुनवाई के दौरान न्यायालय द्वारा बार-बार उपस्थित होने के आदेश दिए जाने के बावजूद आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ।

इसके चलते माननीय न्यायालय ने 26 जनवरी 2026 को उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था।

पुलिस थाना अर्की की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था। गुप्त सूचना और सतत निगरानी के आधार पर पी.ओ. सेल की टीम ने 11 जून 2026 को उसे खरड़ (पंजाब) से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आज 12 जून 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।