/बद्दी पुलिस ने स्कूलों में चलाया नशा विरोधी जागरूकता अभियान।

बद्दी पुलिस ने स्कूलों में चलाया नशा विरोधी जागरूकता अभियान।

छात्रों और ग्रामीणों को किया जागरूक।

बद्दी, 29 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से बद्दी पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज बुधवार को सेंट बीर इंटरनेशनल स्कूल, बद्दी तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गुल्लरवाला में नशा विरोधी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) बद्दी योगराज चंदेल ने सेंट बीर इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे, विशेषकर ‘चिट्टा’, के मानसिक, सामाजिक और कानूनी दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक और अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

वहीं, पुलिस थाना बद्दी की टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गुल्लरवाला में नशा निवारण समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में विद्यालय के प्रधानाचार्य, आशा कार्यकर्ता, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता तथा ग्राम पंचायत के सदस्य शामिल हुए।

पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को नशे और चिट्टे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

बद्दी पुलिस ने नशा निवारण समितियों और स्थानीय प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी में संलिप्त हो तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी शिक्षण संस्थानों और विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम तथा नशा निवारण समितियों के साथ बैठकें लगातार आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार किया जा सके।