सोलन (अर्की)15 जून
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
सोलन जिले के बाड़ीधार मेले के दिन सरयांज में स्कूल के समीप एक मोटरसाइकिल सवा र द्वारा स्थानीय स्वास्थ्य कर्मी को कथित रूप से टक्कर मारने का मामला सामने आया है।
हादसे में स्वास्थ्य कर्मी घायल हो गया, जिसका उपचार पहले अर्की में किया गया तथा बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए शिमला रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल स्वास्थ्य कर्मी महेश गुप्ता ने इस संबंध में पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें शिमला में उपचार के लिए भेजा गया।

घटना के बाद क्षेत्र के कुछ युवाओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले में समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि इस प्रकार की लापरवाही से किसी की जान भी जा सकती थी।
इस संबंध में जब हिम नयन न्यूज ने सोलन के पुलिस अधीक्षक से बात की तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
वहीं, सोशल मीडिया पर कुनिहार क्षेत्र के एक युवक का फोटो भी साझा किया जा रहा है और उस पर दुर्घटना में शामिल होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक किसी व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आधिकारिक जानकारी आने का इंतजार किया जा रहा है।









