शिमला, 20 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा ।
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अभियोग संख्या 46/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 में पुलिस थाना संजौली में मामला दर्ज किया गया है।

19 जून 2026 को स्पेशल सेल शिमला की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि एक व्यक्ति बातीश कॉलोनी क्षेत्र में हेरोइन (चिट्टा) की अवैध सप्लाई देने पहुंचा हुआ है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर अभियान चलाया और एक संदिग्ध युवक को मौके पर पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान चैतन खयोरा (22) पुत्र देवेन्द्र सिंह खयोरा, निवासी गांव लम्बीधार, डाकघर कुफरी, तहसील एवं जिला शिमला के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से लगभग 8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसे पुलिस ने नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 22 जून 2026 तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।









