/राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला-2026 की सफलता पर उपायुक्त सोलन ने सभी का जताया आभार।

राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला-2026 की सफलता पर उपायुक्त सोलन ने सभी का जताया आभार।

सोलन, 29 जून
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

उपायुक्त सोलन एवं राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला-2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन के लिए जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जिला वासियों का आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री एवं सोलन के विधायक कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल, दून के विधायक राम कुमार चौधरी, अर्की के विधायक संजय अवस्थी, कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी तथा नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा सहित सभी के सहयोग की सराहना की।

उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला सोलन की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास रहता है कि मेले से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे हों और आयोजन आमजन की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरे।

उन्होंने कहा कि प्रशासन, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आयोजन से जुड़े सभी व्यक्तियों ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए मेले को सफल बनाने में अपना शत-प्रतिशत योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों ने समन्वय के साथ कार्य कर मेले के सभी आयोजन सुचारु रूप से संपन्न कराए। भीड़ एवं यातायात प्रबंधन में आपदा मित्रों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों की भूमिका सराहनीय रही। वहीं, मेले के दौरान सोलन शहर में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के योगदान की भी उन्होंने विशेष प्रशंसा की।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि देव परंपरा से जुड़े इस महत्त्वपूर्ण आयोजन की सफलता सभी के लिए संतोष और गर्व का विषय है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी विभागों, संस्थाओं और नागरिकों का धन्यवाद करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी सभी के सहयोग से राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला इसी प्रकार सफलतापूर्वक आयोजित होता रहेगा।