/रामशहर में लखदाता पीर दरगाह पर 27वें विशाल भंडारे का आयोजन

रामशहर में लखदाता पीर दरगाह पर 27वें विशाल भंडारे का आयोजन

रामशहर, 4 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) परिसर स्थित लखदाता पीर दरगाह में हर वर्ष की परंपरा के अनुसार शनिवार को 27वें विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक इस अवसर पर दरगाह परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और क्षेत्र के लोगों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2 बजे विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं दरगाह कमेटी के सदस्यों द्वारा झंडा अर्पण कर लखदाता पीर बाबा के चरणों में नतमस्तक होने के साथ हुआ।

इसके बाद विशाल भंडारे की शुरुआत की गई, जो देर रात तक जारी रहने की जानकारी दी गई।

भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार के व्यंजन एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई है। वहीं सायंकाल भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया जाएगा।

लखदाता पीर दरगाह के मुख्य सेवक बाबू राम राजू और ओमप्रकाश पंथी ने बताया कि इस भंडारे का आयोजन वर्ष 1999 से लगातार किया जा रहा है और इस वर्ष 27वां भंडारा आयोजित किया गया है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से दरगाह परिसर में पहुंचकर भंडारा ग्रहण करने तथा भजन-कीर्तन में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन को विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों के जनसहयोग से प्रतिवर्ष सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाता है।