अभिभावकों से भागीदारी की अपील।
सोलन (रामशहर), 5 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
सोलन जिले के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामशहर के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि 6 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे विद्यालय परिसर में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामशहर तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला रामशहर-1 की संयुक्त विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया जाएगा।
प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों के अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय के समग्र विकास, विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय प्रशासन एवं अध्यापकों के साथ निरंतर सहयोग बनाए रखें तथा समिति के गठन के दौरान ऐसे सदस्यों का चयन करें, जो विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में सक्रिय रूप से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हों।










